साउथ दिल्ली का एक छोरा कैसे ठक-ठक गैंग से ठांय-ठांय गैंग बनाकर दिल्ली का डॉन बनता है, उसी की बानगी है शक्ति नायडू। मंगलवार को दिल्ली से करीब 75 किलोमीटर दूर मेरठ में शक्ति नायडू का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। उसके राइड हैंड भूरा की तलाश की जा रही है। शक्ति नायडू का मारा जाना दक्षिणी दिल्ली के उन नाबालिगों की जिंदगी की सुनहरी सुबह है, जिन्हें वह जरायम की दुनिया में धकेल रहा था।
यह कहना है कि स्पेशल सेल के उस अफसर का जिनकी टीम का सबसे ज्यादा आमना-सामना शक्ति नायडू गैंग से हुआ। यही वजह है कि शक्ति नायडू ने अपनी हिट लिस्ट में इस बार स्पेशल सेल के एक एसीपी की हत्या की साजिश रची थी। नायडू के गुर्गों ने यूट्यूब पर एक वीडियो भी बनाकर डाला हुआ था। जिससे कि नाबालिगों के बीच वह रोल मॉडल के तौर पर था।
दिल्ली, यूपी, एमपी, राजस्थान और पंजाब पुलिस के लिए डॉन शक्ति नायडू चुनौती बना हुआ था। मकोका में वांछित शक्ति नायडू की टोली में नाबालिगों की सबसे बड़ी पलटन है। जिसकी गिनती 70 से 80 के आसपास हो सकती है। नाबालिगों को साउथ दिल्ली के मदनगीर, खानपुर, अंबेडकर नगर, यमुनापार इलाके से उठाता था।
दक्षिण भारत का रहने वाला शिवशक्ति नायडू 14 साल की उम्र में दिल्ली आया था। सबसे पहले ठक-ठक गैंग चलाने लगा। हफ्ता वसूली से लेकर रंगदारी और विरोध करने पर गोलियां चलाना नायडू के लिए आम हो गए। वह 25 साल से ज्यादा समय से अपराध में था। उसने दिल्ली में राज कुंद्रा से 8 करोड़ की डकैती, जयपुर में 5 करोड़, लुधियाना में 6 करोड़ की रकम लूटी। पुलिस सूत्रों की मानें तो गिरोह ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू, लुधियाना और प्रयागराज समेत बिहार मध्यप्रदेश में भी ठिकाने बनाए हैं। उसे दिल्ली समेत कई राज्यों की पुलिस खोज रही थी। राज कुंद्रा से लूट में नायडू के साथी हनी और तिलकराज भी जेल गए थे। तिलकराज ने नायडू की पत्नी से छेड़छाड़ की थी। इस कारण वह तिलकराज को मारना चाहता था। हालांकि बाद में उनमें समझौता हो गया था। 2014 में नासिर ने शक्ति नायडू से हाथ मिला लिया था। नायडू ने लूट और डकैती के लिए अपना गैंग बनाकर करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी खड़ी की। उस पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम रखा था, जबकि अन्य राज्यों की पुलिस ने भी उस पर इनाम रखा था। यूपी पुलिस ने नायडू के साथी रवि उर्फ रविंद्र भूरा पर 25 हजार रुपये का घोषित किया हुआ था। पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले एसीपी ललित मोहन नेगी बीते दिनों मेरठ के ही परतापुर क्षेत्र में स्पेशल सेल में तैनात पुलिसकर्मी की बेटी की शादी में गए थे। इस शादी समारोह से निकलते ही नेगी पर हमले की साजिश शिव शक्ति नायडू और रवि उर्फ भूरा ने रची थी।